कैबिनेट के 4 बड़े फैसले: हर घर शुद्ध पेयजल, अबूझमाड़िया छात्रों को उच्च शिक्षा, राजनांदगांव को दो बड़ी सौगात
November 18, 2026कैबिनेट के 4 बड़े फैसले: हर घर शुद्ध पेयजल, अबूझमाड़िया छात्रों को उच्च शिक्षा, राजनांदगांव को दो बड़ी सौगात
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कैबिनेट की बैठक में 4 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
1. हर घर शुद्ध पेयजल: नया नलजल नियम 2026 लागू
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए “छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026” का अनुमोदन किया गया।
- पुराने 2024 के नियम निरस्त, जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए नियम लागू होंगे
- 19 तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय बिंदु शामिल
- 1000 से कम आबादी वाली पंचायतों को ‘मुख्यमंत्री नल जल अनुदान’ से वित्तीय सहायता
- शर्त: पंचायत को प्रतिमाह न्यूनतम 50% जल प्रभार का संग्रहण करना होगा
- 75% से अधिक जल प्रभार संग्रह करने वाली पंचायतों को सालाना 50 हजार रुपये ‘मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि’
इससे छोटी पंचायतों पर आर्थिक भार कम होगा और ग्रामीणों को नियमित पेयजल मिलेगा।
2. अबूझमाड़िया विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा: रामकृष्ण मिशन कॉलेज को 40.98 करोड़
नारायणपुर में PVTG अबूझमाड़िया विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर देने के लिए रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन वर्षों के लिए आवर्ती एवं अनावर्ती अनुदान स्वीकृत किया गया।
- अशासकीय महाविद्यालय अधिनियम 2006 के मापदंडों में शिथिलीकरण को मंजूरी
- सत्र 2026-27 से संचालन, तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपये का प्रावधान
- अबूझमाड़ सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी
3. राजनांदगांव में बनेगा बाल सम्प्रेक्षण गृह
राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में खसरा क्रमांक 284 की 0.223 हेक्टेयर (24,090 वर्गफीट) भूमि महिला एवं बाल विकास विभाग को आबंटित करने की मंजूरी।
इससे विधि से संघर्षरत बालकों के लिए सुरक्षित आवास, देखभाल, परामर्श, शिक्षा एवं पुनर्वास की सुविधाएं मजबूत होंगी।
4. राजनांदगांव में खुलेगा माध्यमिक शिक्षा मंडल का संभागीय कार्यालय
राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर भूमि माध्यमिक शिक्षा मंडल को आबंटित करने की मंजूरी।
संभागीय कार्यालय खुलने से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को मंडल से संबंधित सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से मिलेंगी।


