टिन के पीपे से पद्मश्री तक: मुख्यमंत्री साय ने ‘गुरुजी’ मदन सिंह चौहान से की आत्मीय भेंट, संघर्ष को किया सलाम
November 18, 2026नवा रायपुर। संगीत सीखने की लगन सच्ची हो, तो साधन कभी राह का रोड़ा नहीं बनते। रियाज के लिए जब कोई वाद्य यंत्र नहीं मिला, तो टिन के पीपे को ही ढोलक बना लिया और उसी पर थाप देकर संगीत साधना शुरू कर दी।
यही कहानी है छत्तीसगढ़ के पद्मश्री सम्मानित संगीत साधक श्री मदन सिंह चौहान की, जिन्हें लोग स्नेह से ‘गुरुजी’ कहते हैं।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्री चौहान से आत्मीय भेंट की और उन्हें दीपावली की बधाई दी।
ढोलक से तबले तक, फिर सूफी गायकी में पहचान
श्री चौहान ने ढोलक से तबले तक का सफर तय किया। करीब 30 वर्षों तक तबला बजाने के बाद आज सूफी गायकी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी संगीत साधना जारी रखी। निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर उन्होंने गजल एवं सूफी गायन के क्षेत्र में विशेष मुकाम हासिल किया। कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया।
मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री श्री साय ने संगीत साधना के प्रति उनके समर्पण और कला के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगीत समाज को जोड़ने, प्रेम और सद्भाव का संदेश देने तथा मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।
समारोह में मुख्यमंत्री स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचकर अतिथियों से मुलाकात कर रहे थे, इसी क्रम में उन्होंने श्री चौहान से भेंट की।


