जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें : मुख्यमंत्री साय

जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें : मुख्यमंत्री साय

November 17, 2026 0 By Central News Service

बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 120 करोड़ के 16 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन, 28 प्रतिभाएं सम्मानित

बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा का इतिहास है। देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों ने जो त्याग और बलिदान दिया है, वह हमारी अमूल्य धरोहर है।

मुख्यमंत्री साय आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

बिरसा मुंडा को किया नमन
मुख्यमंत्री ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका और जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही संघर्ष शुरू कर दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूख से व्याकुल लोगों की सहायता की और अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का अवलोकन कर अपने महान पूर्वजों के योगदान को जानने का आह्वान किया।

जनजातीय विकास सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर विकास को नई दिशा दी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

शिक्षा और आत्मनिर्भरता से संवरेगा भविष्य
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावास सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि किसी समय नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित होने से विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। वहां अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका की सुविधाएं पहुंच रही हैं।

नेताओं ने भी किया संबोधित
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने त्याग, तपस्या और संघर्ष से जनमानस के हृदय में विशेष स्थान बनाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने लगभग 25 वर्ष के अल्प जीवनकाल में अपने संघर्ष और जनसेवा से जनमानस के हृदय में भगवान का स्थान प्राप्त किया। आदिवासी समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी समारोह को संबोधित किया।

28 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को बधाई दी। शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।

समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया एवं अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, आयोजन समिति गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित विभिन्न जनजातीय समाजों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।