मुख्यमंत्री साय ने आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का किया शुभारंभ, डिजिटल दक्षता से बढ़ेगी शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता

मुख्यमंत्री साय ने आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का किया शुभारंभ, डिजिटल दक्षता से बढ़ेगी शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता

November 17, 2026 0 By Central News Service

सुशासन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री ने आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का किया शुभारंभ, डिजिटल दक्षता से बढ़ेगी शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता

बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। भारतीय स्टेट बैंक के बिलासपुर अंचल द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत स्थापित इस केंद्र में शासकीय कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इस पहल से कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता एवं कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ अधिक सरलता, पारदर्शिता और तेजी से उपलब्ध हो सकेगा।

तकनीक से सुशासन होगा मजबूत – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन की अवधारणा को साकार करने में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलते समय के साथ शासकीय कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना आवश्यक है। कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग प्रशासनिक कार्यों को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बना सकता है।

उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ शासकीय अभिलेखों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यह प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों के कौशल उन्नयन के साथ जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने इस जनोपयोगी पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना की।

एआई और साइबर सुरक्षा का मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण केंद्र में शासकीय कर्मचारियों को कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के अंतर्गत फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड, डेटा की गोपनीयता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।

जिला प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन में संचालित यह केंद्र ई-गवर्नेंस को सुदृढ़ करने तथा आधुनिक तकनीक से सक्षम, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने में सहायक होगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।