मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह का आत्मीय आयोजन, प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं नेता
November 17, 2026नवा रायपुर, 17 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आज आयोजित दीपावली मिलन समारोह भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक यात्रा, पुराने साथियों के प्रति सम्मान और आत्मीय संबंधों का एक विशेष अवसर बन गया।
इस समारोह की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण से लेकर अब तक भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न पदों और दायित्वों का निर्वहन करने वाले वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कार्यकर्ता एक साथ जुटे। वर्षों तक संगठन को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले पुराने साथियों से मुख्यमंत्री साय ने आत्मीय मुलाकात की।
हर टेबल पर पहुंचे मुख्यमंत्री, जाना हालचाल
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सहज, सरल और आत्मीय व्यवहार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्यमंत्री स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचे और उपस्थित पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा जनप्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने सभी का हालचाल जाना, कुशलक्षेम पूछा और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन वरिष्ठ साथियों और पूर्व पदाधिकारियों से आत्मीय भेंट की, जिन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के समय से लेकर अलग-अलग दौर में भाजपा के संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाई है।
उन्होंने सभी के साथ बैठकर भोजन भी किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर प्रदेश के दूर-दराज के जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
संगठन की असली शक्ति समर्पित कार्यकर्ता – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को मजबूत बनाने में वर्तमान पदाधिकारियों के साथ उन वरिष्ठ साथियों का भी अमूल्य योगदान है, जिन्होंने वर्षों तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा और संगठन विस्तार के लिए निरंतर परिश्रम किया है।
उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता हमारे लिए महत्वपूर्ण है। जिन्होंने पूर्व में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं, उनका अनुभव और मार्गदर्शन हमारी अमूल्य पूंजी है। वरिष्ठ साथियों के अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा से संगठन को निरंतर मजबूती मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व केवल दीपों और उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने, पुराने साथियों से मिलने और खुशियां साझा करने का भी पर्व है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगलकामना की।
पुराने और नए साथियों का हुआ संगम
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वर्तमान एवं पूर्व मंत्रीगण, लोकसभा और राज्यसभा के वर्तमान एवं पूर्व सदस्य, विधायक एवं पूर्व विधायक, भाजपा के वर्तमान एवं पूर्व प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक एवं सह-संयोजक, निगम-मंडल एवं आयोगों के वर्तमान एवं पूर्व अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य, जिला पंचायतों के वर्तमान एवं पूर्व अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, महापौर एवं पूर्व महापौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे नेताओं ने भी समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उच्च शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, लता उसेंडी, सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा, ईश्वर साहू, रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय सहित भाजपा के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि तथा संगठन की विभिन्न इकाइयों से जुड़े सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


