स्वच्छता में नंबर-1 का पुरस्कार लेने दिल्ली गए, और रायपुर में गंदगी का ढेर छोड़ गए — कथनी और करनी में कितना अंतर है?

स्वच्छता में नंबर-1 का पुरस्कार लेने दिल्ली गए, और रायपुर में गंदगी का ढेर छोड़ गए — कथनी और करनी में कितना अंतर है?

November 17, 2026 0 By Central News Service

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने किया सांकेतिक प्रदर्शन, अधिकारियों का पुष्पहार से किया “स्वागत”

रायपुर। रायपुर नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में उपलब्धि मिलने पर शहर के लिए गौरव की बात कही जा रही है। महापौर का कहना है कि यह रैंकिंग स्वच्छता कर्मियों के प्रयासों का सम्मान है। दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार लेने के लिए स्वयं नगरीय प्रशासन मंत्री, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और महापौर गईं।

लेकिन सवाल यह है — क्या पुरस्कार लेते वक्त उन्हें रायपुर की जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं था?

इसी जमीनी हकीकत को जनता के सामने लाने के लिए आज नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने धरातल पर उतरकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान उन अधिकारियों का, जिन्होंने रायपुर को स्वच्छता में नंबर-1 बताया है, पुष्पहार और पुष्पगुच्छ देकर सांकेतिक स्वागत किया गया और उनसे सीधा सवाल किया गया —

“क्या आपने आंख में पट्टी बांधकर रायपुर को देखा है? क्या आपने धरातल पर उतरकर रायपुर को नहीं देखा?”

रायपुर की जमीनी हकीकत क्या है?

आकाश तिवारी ने कहा — रायपुर नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है।

  • लोगों के घरों से कचरा नियमित रूप से नहीं उठ रहा है
  • मोहल्लों से निकलने वाले कचरे को समय पर नहीं उठाया जा रहा है
  • नुक्कड़ों से कचरा उठाने के लिए तरह-तरह के बहाने बताए जा रहे हैं
  • सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हैं, सफाई हो नहीं पा रही है
  • अधिकारी और महापौर अपने-अपने कार्यों में मस्त हैं, आम जनता त्रस्त है

उन्होंने कहा कि महाराज बंध तालाब के पास जहां स्वयं उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री जाते हैं, वहीं पर गंदगी का आलम है। क्या यही हमारे राजधानी रायपुर की वास्तविक स्थिति है?

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के 3 सीधे सवाल

1. क्या रायपुर नगर में रामकी कंपनी घर-घर से कचरा उठाने का कार्य नियमित रूप से कर रही है?

2. क्या स्वीपिंग मशीन अपने काम को ईमानदारी से कर रही है? अगर मशीन ईमानदारी से काम करे तो सड़कों से धूल साफ होनी चाहिए, किंतु धरातल में यह काम नहीं हो रहा है, केवल कागजों में स्वीपिंग मशीन चल रही है।

3. SBM के जिम्मेदार अधिकारी अपनी नाकामियों को क्यों छुपा रहे हैं? क्या यही स्थिति स्वच्छता पुरस्कार लेने की है?

आकाश तिवारी ने कहा — इसके पूर्व हमारी परिषद में पूरे भारत में रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग चौथे नंबर पर आई थी, और इस बार छत्तीसगढ़ में पहला नंबर बताया जा रहा है। दोनों में फर्क है। आज रायपुर स्वच्छता के लिए अपनी दुर्दशा स्वयं बयां कर रहा है।

“रायपुर के पूरे 70 वार्डों में से किसी भी वार्ड में चले जाइए, यही स्थिति है। कथनी और करनी में अंतर है।”

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के साथ पार्षद संदीप साहू, पार्षद श्रीमती अर्जुमन ढेबर, पार्षद श्रीमती जयश्री सत्यनारायण नायक, पार्षद श्रीमती दीप मनीराम साहू, पार्षद श्रीमती रेनू जयंत साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद थे।