महानदी विवाद के समाधान की दिशा में बड़ी पहल, अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक
October 1, 2026नई दिल्ली/रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में आज नई दिल्ली में बड़ी पहल हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में कर्तव्य भवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हिस्सा लिया।
बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, दोनों राज्यों के मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महानदी हमें बांटने वाली नहीं, बल्कि जोड़ने वाली जीवनधारा है। इसका समाधान ऐसा हो जिसमें दोनों राज्यों की जीत हो। छत्तीसगढ़ न्यायपूर्ण, वैज्ञानिक और दीर्घकालिक समाधान का पक्षधर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने हितों के साथ ओडिशा के हितों का भी सम्मान करता है, हीराकुंड ओडिशा की जीवनरेखा है और हम उसके सुचारु संचालन में पूरा सहयोग करेंगे।
सीएम साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र की मध्यस्थता से आपसी सहमति का रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा कि जल जैसे संसाधन को साझी समृद्धि का माध्यम बनाना चाहिए।
बैठक में तकनीकी और राजनीतिक स्तर पर संवाद जारी रखने पर सहमति बनी।

