डागा गर्ल्स कॉलेज की फ्रेशर्स पार्टी में दिखा टैलेंट और उत्साह का संगम
September 11, 2026रायपुर, 11 सितंबर। श्रीमती प्रमिला गोकुलदास डागा कन्या महाविद्यालय, कचहरी चौक में शुक्रवार को रंग मंदिर में प्रथम वर्ष की छात्राओं के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता घई ने दीप प्रज्वलन कर किया। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालयीन जीवन में अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा जूनियर्स के स्वागत के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैम्प वॉक रहा, जिसमें प्रथम वर्ष की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। मिस फ्रेशर, मिस डागा, मिस बी.ए., मिस बी.कॉम., मिस बी.एससी., मिस बीसीए और मिस बीबीए जैसे खिताब विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में गजब का उत्साह और उमंग देखने को मिला। हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।

