महासमुंद में पहली बार स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों की प्रदर्शनी, 15 अगस्त को लोहिया चौक पर सजेगी 55 तस्वीरें

महासमुंद में पहली बार स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों की प्रदर्शनी, 15 अगस्त को लोहिया चौक पर सजेगी 55 तस्वीरें

August 13, 2026 0 By Central News Service

रायपुरमहासमुंद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के इतिहास में पहली बार जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को समर्पित विशेष प्रदर्शनी लगने जा रही है। 15 अगस्त को नगर के लोहिया चौक पर सुबह 8 बजे से यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।

प्रदर्शनी में महासमुंद जिले के लगभग 55 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के छाया चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन, जिला महासमुंद द्वारा किया जा रहा है।

संगठन के संयोजक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. बौदा नामदेव जी के पौत्र शेषनारायण नामदेव ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को उन महान पुरखों से परिचित कराना है, जिन्होंने अत्याचारी ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ जिले में आजादी की मशाल जलाई थी।

उन्होंने कहा कि कई सेनानियों के नाम और उनके संघर्ष आज की पीढ़ी तक नहीं पहुंच पाए हैं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उनके त्याग और बलिदान को याद किया जाएगा, ताकि युवा प्रेरणा ले सकें।

आयोजकों ने जिले वासियों से अपील की है कि वे 15 अगस्त की सुबह लोहिया चौक पहुंचकर प्रदर्शनी देखें और शहीदों व सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करें।