भारत व्यापार महोत्सव के लिए छत्तीसगढ़ से डेलीगेट रजिस्ट्रेशन शुरूकैट कार्यालय में बैठक, पहले दिन बड़ी संख्या में पंजीयन
July 20, 2026रायपुर, 20 जुलाई 2026 : देश के सबसे बड़े ट्रेड फेयर “भारत व्यापार महोत्सव” में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक भागीदारी के लिए रविवार को बिजनेस डेलीगेट रजिस्ट्रेशन का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में पहले ही दिन बड़ी संख्या में व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों ने पंजीयन कराया।
बैठक की अध्यक्षता CAIT के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने की। उनके साथ प्रदेश चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, महामंत्री अवनीत सिंह और कोषाध्यक्ष विजय पटेल सहित CAIT, युवा CAIT, महिला CAIT और ट्रांसपोर्ट CAIT के पदाधिकारी मौजूद रहे।
CAIT और ITPO द्वारा 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के उद्योगपति, निर्माता, आयातक-निर्यातक, स्टार्टअप और निवेशक एक मंच पर जुटेंगे।
व्यापारियों को मिलेंगे ये अवसर
अमर पारवानी ने कहा कि यह केवल प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि भारत के व्यापार, उद्योग और नवाचार का राष्ट्रीय संगम है। इसमें शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के व्यापारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की B2B बिजनेस मीटिंग, AI और ऑटोमेशन की जानकारी, स्टार्टअप और डिजिटल बिजनेस मॉडल से जुड़ने, इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट की नई संभावनाएं और नीति निर्माताओं व विशेषज्ञों से सीधा संवाद करने का अवसर मिलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि यह महोत्सव MSME, निर्माताओं और स्टार्टअप्स के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी जिलों के व्यापारिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन करने की अपील की।
तैयारी पर चर्चा
बैठक में महोत्सव के प्रचार-प्रसार, जिलावार सहभागिता, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के गठन और यात्रा समन्वय को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। CAIT ने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों से व्यापारी, उद्यमी और उद्योग प्रतिनिधि बड़ी संख्या में इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
बैठक में दीपक विधानी, राजेन्द्र खटवानी, सतीश श्रीवास्तव, मधु अरोरा, पिंकी अग्रवाल, द्वारिका लखवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी पदाधिकारी उपस्थित थे।

