राजपूत समाज की गौरव प्रियांशु सिंह देव ने भरतनाट्यम में हासिल किया प्रथम स्थान

राजपूत समाज की गौरव प्रियांशु सिंह देव ने भरतनाट्यम में हासिल किया प्रथम स्थान

October 19, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। राजपूत समाज की गौरव प्रियांशु सिंह देव ने रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की भरतनाट्यम प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर समाज और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

आर्ट एंड इंडियन डांस एसोसिएशन (AIDA) के तत्वावधान में 16 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली कलाकार भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के तृतीय दिवस भरतनाट्यम की ओपन एज कैटेगरी में प्रियांशु ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया।

उनकी प्रस्तुति में शास्त्रीय मुद्राओं की शुद्धता, लय-ताल का सटीक सामंजस्य, भावाभिनय की सजीवता और अंग-संचालन की दक्षता का शानदार समन्वय देखने को मिला। मंच पर उनके आत्मविश्वास और सधी हुई शैली ने सभी को प्रभावित किया।

प्रियांशु नृत्यार्थी कलाक्षेत्रम के गुरु डॉ. जी. रतीश बाबू के मार्गदर्शन में भरतनाट्यम की साधना कर रही हैं। यह उपलब्धि उनकी निरंतर साधना, अनुशासन और गुरु के कुशल प्रशिक्षण का परिणाम है।

राजपूत एकता मंच के महामंत्री विक्रम सिंह देव ने बताया कि प्रियांशु की इस उपलब्धि से समाज में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता युवा कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है।