रायपुर: व्यापारियों के बैंक खाते ब्लॉक होने की समस्या पर पुलिस प्रशासन से सार्थक संवाद, 2-3 दिन में अनब्लॉक कराने का आश्वासन
July 19, 2026रायपुर, 18 जुलाई 2026
साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट के मामलों में व्यापारियों के बैंक खाते ब्लॉक होने से उत्पन्न हो रही दिक्कतों को लेकर रायपुर सराफा एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल एसोसिएशन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर राहत की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर आदरणीय श्री संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले से अलग-अलग चर्चा की।
क्या है समस्या
प्रतिनिधियों ने बताया कि किसी एक व्यापारी का खाता ब्लॉक होने पर सिर्फ लेन-देन ही नहीं रुकता, बल्कि EMI, कार-होम लोन, GST भुगतान, सरकारी भुगतान जैसे जरूरी काम भी ठप हो जाते हैं। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक और व्यावहारिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला ने कहा कि साइबर पीड़ितों की राशि को सुरक्षित रखने के लिए देश के किसी भी हिस्से की पुलिस द्वारा बैंक खाते को ब्लॉक कराया जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
पुलिस ने दिए ये आश्वासन
- साइबर जागरूकता कार्यशाला: कमिश्नर ने व्यापारियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने अपनी साइबर टीम भेजने और खुद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति भी दी।
- जल्दी अनब्लॉक की प्रक्रिया: अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में 2 से 3 दिनों के भीतर खाता अनब्लॉक कराने की प्रक्रिया को संभव बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 100% सुरक्षा की गारंटी संभव नहीं है, लेकिन समाधान के लिए पूरा सहयोग रहेगा।
व्यापारियों का रुख
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि व्यापारी साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच में हरसंभव मदद करेंगे। साथ ही खाते ब्लॉक होने पर व्यापारियों की दैनिक परेशानियों के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया।
दोनों संगठनों ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक रवैये के लिए आभार जताया। प्रतिनिधियों ने इसे व्यापारिक समुदाय और पुलिस के बीच बेहतर संवाद और साइबर जागरूकता की दिशा में अहम पहल बताया।
उपस्थित रहे
मुलाकात में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री धरम भंसाली, सचिव श्री जितेंद्र गोलछा, श्री विनय गोलछा और छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल एसोसिएशन के सचिव श्री चंद्र प्रकाश गोलछा व श्री अभय कोठारी मौजूद थे।
जानकारी: रायपुर सराफा एसोसिएशन सचिव जितेंद्र गोलछा

