भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ कांग्रेस ने उरला थाने में दी शिकायत, एफआईआर की मांग

भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ कांग्रेस ने उरला थाने में दी शिकायत, एफआईआर की मांग

July 9, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 8 जुलाई। बीरगांव नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 27 के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पार्षद दिलदार कुमरे के नेतृत्व में उरला थाने पहुंचकर भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की।

कांग्रेसजनों का आरोप है कि भाजपा प्रवक्ता ने नकटी गांव में 85 परिवारों के घर तोड़े जाने के मामले से जुड़े एक पुराने वीडियो को तोड़-मरोड़ कर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज शर्मा की छवि खराब करने के उद्देश्य से गलत बयान दिया है।

पार्षद दिलदार कुमरे ने बताया कि हाल ही में ग्राम नकटी के 85 परिवारों के घर भारी बरसात में तोड़ दिए गए थे। इसको लेकर कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन का ध्यान खींचा था। जनाक्रोश बढ़ने पर सरकार के पास जवाब नहीं होने पर भाजपा प्रवक्ता ने बीरगांव निगम के वार्ड 27 डेरहापारा के कोरोना काल का पुराना वीडियो नकटी गांव से जोड़कर बयान जारी कर दिया।

कुमरे ने कहा कि उस वीडियो में दिख रहे सभी लोग मेरे वार्ड डेरहापारा के निवासी हैं। वे अपनी बस्ती की समस्या लेकर पंकज शर्मा के पास गए थे। उस समय शर्मा ने कहा था कि कांग्रेस कभी किसी को बेघर नहीं करती। यदि किसी शासकीय योजना के लिए मकान तोड़े जाते हैं तो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बहुमंजिला इमारत में सभी को फ्लैट देकर व्यवस्थित किया जाएगा। यह बयान डेरहापारा के लोगों के लिए था, न कि नकटी गांव के लिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रवक्ता का यह बयान दुर्भावनापूर्ण, अशोभनीय और दुर्भाग्यजनक है। अपने गिरते जनाधार को बचाने के लिए इस तरह का असफल प्रयास किया जा रहा है, जिससे सभी कार्यकर्ता आहत हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि गौरीशंकर श्रीवास के खिलाफ जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने और वीडियो का गलत इस्तेमाल करने पर भारतीय दंड विधान और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन देने वालों में शामिल रहे: दिलदार कुमरे, भूपेन्द्र साहू, बैसाखू सागर, दीवान कुमरे, शोभाराम ध्रुव, अनिल ध्रुव, इंद्रजीत सिंह राजपूत, उज्जवल कुमरे, कृष्णा कुमरे, गुलशन पाठक, राजेश सेन, शुभम कलार, छोटे अंसारी, नंदकिशोर जगत, चिन्ना अमित राय, प्रवेश पाण्डेय, मनीष शर्मा, विशाल, सतीश पाण्डेय, तूफान पाठक, शिव ध्रुव, बाबा खान, दलवीर सिंह गोल्डी, छेदीलाल सरोज, रोहित यादव, रितेश सिंह, आदित्य सोनी आदि।