अभनपुर में दबंगई चरम पर: उप-सरपंच का बेटा खुलेआम कर रहा मारपीट, POCSO का आरोपी भी पुलिस की पकड़ से बाहर
July 8, 2026अभनपुर, रायपुर :खोरपा/ अभनपुर थाना क्षेत्र में कानून का भय खत्म होता दिख रहा है। ग्राम खोरपा निवासी तेजस कश्यप को बीच रास्ते में रोककर टांगिया से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप ग्राम खोरपा के उप-सरपंच रमेश साहू के बेटे ओमप्रकाश साहू पर है।
तेजस कश्यप खोरपा निवासी नरेश साहू का ट्रैक्टर चलाते हैं। उनका आरोप है कि ओमप्रकाश साहू ने बिना किसी बात के रास्ते में रोका और सीधे टांगिया से वार किया। हमले के दौरान ओमप्रकाश ने कहा, “मैं उप-सरपंच का लड़का हूं, मेरा कोई क्या बिगाड़ लेगा।”
ग्रामीणों के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। ओमप्रकाश पर 3 से 4 बार मारपीट और कुछ महीने पहले एक महिला पंच के घर में घुसकर मारपीट का भी आरोप है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने अभनपुर थाने में शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस का जवाब हर बार यही रहता है कि “आरोपी घर पर नहीं मिला”। लोगों का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस हाथ डालने से बच रही है।
POCSO में फरार, फिर भी बेखौफ
सूत्रों के मुताबिक ओमप्रकाश साहू के खिलाफ अमलेश्वर थाने में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। वह उस प्रकरण में फरार चल रहा है। उस पर अब तक दो बार POCSO एक्ट भी लग चुका है। इसके बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि अभनपुर पुलिस अपराधियों को पकड़ने तब जाती है जब “ऊपर से फोन आता है”। क्षेत्र में “जिसकी लाठी उसकी भैंस” वाली स्थिति बन गई है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में आधिकारिक बयान नहीं मिल पाया है।

