रायपुर नगर निगम सिविल ठेकेदार संघ ने नेता प्रतिपक्ष से की मुलाकात, पीडब्ल्यूडी नियम और भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी

रायपुर नगर निगम सिविल ठेकेदार संघ ने नेता प्रतिपक्ष से की मुलाकात, पीडब्ल्यूडी नियम और भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी

June 24, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। नगर निगम सिविल ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। संघ ने लोक निर्माण विभाग के नियम लागू करने और भुगतान में हो रही देरी पर आपत्ति जताई।

ठेकेदार संघ के अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर ने बताया कि निगम आयुक्त द्वारा पीडब्ल्यूडी के नियमों के तहत कार्य कराने का दबाव बनाया जा रहा है और नए सिरे से ऑडिट भी करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें पीडब्ल्यूडी नियमों से आपत्ति नहीं है, लेकिन पीडब्ल्यूडी में जल्दी काम करने पर प्रोत्साहन राशि मिलती है। वहां काम शुरू करने के लिए अग्रिम राशि दी जाती है और काम पूरा होने पर 15 दिन से 1 माह में फाइल प्रक्रिया पूरी हो जाती है। जबकि निगम में भुगतान के लिए 6 माह से 1 साल तक भटकना पड़ता है।

इस पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि आयुक्त द्वारा नए नियम लागू करने पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन जो पिछले भुगतान रुके हैं, उन्हें तुरंत करवाना चाहिए ताकि रायपुर के 70 वार्डों में विकास कार्य न रुकें। उन्होंने कहा कि नए सिरे से कार्यों को प्रमुखता से नियमानुसार करवाना चाहिए क्योंकि सभी ठेकेदार निगम से ही जुड़े हुए हैं।

इस दौरान ठेकेदार संघ के अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर, सचिव कन्हैया गुप्ता, गोपाल कुमार, पवन कुमार, मनिंदर सिंह और शाहिद हुसैन विशेष रूप से उपस्थित थे। संघ ने मांग की है कि पीडब्ल्यूडी नियम लागू करने के साथ-साथ भुगतान प्रक्रिया भी उसी विभाग की तरह तेज की जाए।