संकुल पुरेना में धूमधाम से मना शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत

संकुल पुरेना में धूमधाम से मना शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत

June 23, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 23 जून 2026
संकुल पुरेना में आज शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वार्ड पार्षद डॉ. अनामिका सिंह, एसएमडीसी सदस्य रविंद्र चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि रहे।

अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस दौरान अभिभावकों, शिक्षकों और बच्चों में खासा उत्साह दिखा।

अपने संबोधन में विधायक मोतीलाल साहू ने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित उपस्थिति पर जोर दिया। अन्य अतिथियों ने भी शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को स्कूल से जोड़ने की बात कही।

कार्यक्रम में सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण का संकल्प लिया। अंत में शाला परिवार ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार जताया।