स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने हिर्री में बच्चों से किया आत्मीय संवाद, जूते-मोजे बांटकर बढ़ाया हौसला
June 18, 2026
रायपुर, 17 जून 2026
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने आज दुर्ग जिले के हिर्री गांव में स्कूल से लौट रहे बच्चों से मुलाकात कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बच्चों को सड़क पर देख मंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और उनसे आत्मीय संवाद किया।
मंत्रोच्चार और संस्कारपरक शिक्षा से प्रभावित हुए मंत्री
बातचीत में स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल, हिर्री के विद्यार्थियों ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के दूसरे दिन भी स्कूल में मंत्रोच्चार, भोजन मंत्र, सरस्वती वंदना और संस्कारपरक गतिविधियों के जरिए पढ़ाई कराई जा रही है। बच्चों ने कहा कि इससे उन्हें सकारात्मक सीख मिल रही है।
विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि स्कूल के पहले दिन शिक्षकों ने तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया और यूनिफॉर्म बांटी। जल्द ही निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें व कॉपियां मिलने की जानकारी भी दी गई है।
पैदल दुकान पहुंचकर दिलवाए जूते-मोजे
बच्चों की जरूरतों को देखते हुए मंत्री श्री यादव खुद उनके साथ पैदल नजदीकी दुकान तक गए और सरकारी स्कूल के सभी विद्यार्थियों को जूते-मोजे उपलब्ध कराए। नई जूते-मोजे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने मंत्री का आभार जताया।
“आप मेरे परिवार के बच्चों जैसे हैं” – शिक्षा मंत्री
बच्चों को संबोधित करते हुए श्री गजेन्द्र यादव ने कहा, “आप सभी मेरे परिवार के बच्चों जैसे हैं। मेरी बेटी भी दसवीं में पढ़ती है, इसलिए मैं आपकी भावनाओं को समझता हूं।” उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ने, शिक्षकों और माता-पिता का सम्मान करने और मेहनत से प्रदेश-देश का नाम रोशन करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि हर विद्यार्थी बेहतर भविष्य बना सके।

