चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से की मुलाकात, व्यापारियों के हितों को लेकर सौंपा ज्ञापन
June 18, 2026रायपुर/छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने “आत्मनिर्भर भारत” में व्यापारियों की भूमिका, व्यापार को सरल बनाने और व्यापारिक हितों से जुड़े सुझावों का एक ज्ञापन लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा।
ज्ञापन में चेम्बर ने मुख्य रूप से तीन मांगें रखीं। पहली मांग ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए कागजी कार्रवाई को और सरल करने की थी। दूसरी मांग में कहा गया कि जब भी संसद की स्थायी समितियां जीएसटी, प्रत्यक्ष कर या लेबर लॉ जैसे व्यापार और उद्योग से जुड़े कानूनों पर चर्चा करें, तो देश के प्रमुख चेम्बर्स के व्यावहारिक सुझावों को भी उसमें अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। तीसरी मांग स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग को लेकर थी, जिसमें रोजगार के नए अवसर बनाने के लिए सरकारी नीतियों को और अधिक व्यावहारिक बनाने का आग्रह किया गया।
इस दौरान चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि देश का व्यापारी केवल लाभ कमाने के लिए कार्य नहीं करता, बल्कि वह बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करता है और ईमानदारी से राजस्व देकर राष्ट्र निर्माण की नींव को मजबूत करता है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ का पूरा व्यापारी वर्ग राष्ट्रहित में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चेम्बर के इस कदम की सराहना की और प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए व्यवहारिक सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के व्यापारी वर्ग के इस देशव्यापी दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता को अनुकरणीय बताया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के साथ कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, सलाहकार लाभचंद बाफना, अमर गिदवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी और उपाध्यक्ष दिलीप इसरानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


