मानिक साहू की मांग पर कलेक्टर ने दिया समाधान का आश्वासन…तुमगांव उप तहसील में नियमित उपस्थित रहेंगे तहसीलदार…

मानिक साहू की मांग पर कलेक्टर ने दिया समाधान का आश्वासन…तुमगांव उप तहसील में नियमित उपस्थित रहेंगे तहसीलदार…

June 16, 2026 0 By Central News Service

महासमुंद 16 जून 2026// किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मानिक साहू ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। मानिक साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह से मुलाकात कर उप तहसील तुमगांव में नियमित तहसीलदार की पदस्थापना सहित किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि उप तहसील तुमगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों के किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में तहसीलदार की नियमित उपलब्धता नहीं होने के कारण नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र जैसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानिक साहू ने बताया कि खरीफ फसल का सीजन शुरू हो चुका है, ऐसे समय में किसानों को कृषि ऋण, खाद और बीज की आवश्यकता होती है। लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में तकनीकी त्रुटियों के कारण कई किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल रिकॉर्ड में त्रुटि के चलते कई किसानों के खसरा रिकॉर्ड में पूर्व दर्ज सिंचित नलकूप का अंकन हट गया है, जिससे सहकारी बैंक और समितियों से कृषि ऋण लेने में दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा खाद-बीज प्राप्त करने में भी किसानों को परेशानी हो रही है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि राजस्व रिकॉर्ड में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जब तक डिजिटल रिकॉर्ड पूरी तरह दुरुस्त नहीं होता, तब तक पटवारी स्तर पर भौतिक सत्यापन के आधार पर किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सहकारी बैंकों और समितियों को भी स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि तकनीकी त्रुटियों के कारण किसानों को ऋण और खाद-बीज से वंचित न होना पड़े।

इस संबंध में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानिक साहू को आश्वासन दिया कि किसानों और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिकारी लगातार उपस्थित रहेंगे तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

किसान कांग्रेस ने कहा कि किसानों के हितों को देखते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद है।