इंद्रावती नदी पर 648 मीटर लंबा फुंडरी ब्रिज बनकर तैयार… अबूझमाड़ के 50 गांव को फायदा.. नहीं बंटेगा बीजापुर जिला…

इंद्रावती नदी पर 648 मीटर लंबा फुंडरी ब्रिज बनकर तैयार… अबूझमाड़ के 50 गांव को फायदा.. नहीं बंटेगा बीजापुर जिला…

June 13, 2026 0 By Central News Service

बीजापुर 13 जून 2026/ इंद्रावती नदी पर 648 मीटर लंबा फुंडरी ब्रिज बनकर तैयार, नहीं बंटेगा बीजापुर, अबूझमाड़ के 50 गांव को फायदा बीजापुर की इंद्रावती नदी पर फुंडरी ब्रिज बनकर तैयार हो गया है. इस पुल का काम साल 2021-22 में शुरू हुआ था जो अब लगभग पूरी तरह बनकर तैयार है. करीब 120 करोड़ की लागत से बने इस पुल से 50 गांव को सीधा फायदा होगा. यह पुल नक्सलियों के खात्मे के बाद विकास की एक बानगी है.


बीजापुर: बीजापुर की इंद्रावती नदी पर फुंडरी ब्रिज बनकर तैयार हो गया, जो बस्तर के बदलते दौर और विकास की नई कहानी बयां कर रहा है. कभी नक्सल हिंसा, दुर्गम रास्तों और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण देश-दुनिया से कटे अबूझमाड़ क्षेत्र में यह ब्रिज अब विकास की मजबूत नींव रखने के लिए तैयार है. 120 करोड़ की लागत से इंद्रावती नदी पर बना 648 मीटर लंबा यह पुल न केवल एक परियोजना है, बल्कि यह अबूझमाड़ क्षेत्र में बसे उन हजारों ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पीड़ा का समाधान भी है, जिन्हें बारिश के मौसम में अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती थी.

कहां बना- इंद्रावती नदी पर
नाम- फुंडरी ब्रिज
काम कब शुरू हुआ- साल 2021-22 में
कब खत्म हुआ- साल 2026 में
कितनी लागत- करीब 120 करोड़ रुपये
फायदा- 50 से अधिक गांव हाईवे से जुड़े

दरअसल, बरसात के मौसम अबूझमाड़ के 50 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय के मुख्य मार्गों से टूट जाता था. कई बार मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे, बच्चे स्कूल जाने से वंचित रह जाते थे और ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घंटों पैदल सफर करना पड़ता था. लेकिन, नक्सलियों के खात्मे के बाद से प्रदेश की तस्वीर लगातार बदल रही है. इंद्रावती पर बना यह पुल अब इन गांवों को सीधे नेशनल हाईवे से जोड़ेगा. पुल का निर्माण पूरा हो गया है, अब सिर्फ रैलिंग लगाने समेत अन्य काम किया जा रहा है. इस पुल से लोगों का न सिर्फ सफर आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी ग्रामीणों तक पहुंचेंगे. एंबुलेंस, स्कूल वाहन और जरूरी सेवाएं की पहुंच अब सीधें गांवों के दरवाजे तक होगी.


बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि फुंडरी ब्रिज बीजापुर जिले के लिए बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि है. पुल नहीं होने से जिले का एक बहुत बड़ा हिस्सा बरसात में कट जाता था. लेकिन, अब सभी गांव से सीधे मुख्यमार्ग से जुड़ जाएंगे, साथ ही प्रशासन की पहुंच भी बढ़ेगी. खासकर बेलनार, पल्लेवाया और बैल पंचायत को बड़ी सुविधा मिलेगी. जल्द ही इसका काम पूरी तरह खत्म हो जाएगा ।

(सौजन्य NDTV)