दुसरो का भविष्य बताने वाले बाबा स्वयं का भविष्य देख नहीं पाए…. दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार…
June 10, 2026संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद 10 जून 2026/ / महासमुंद जिले में एक बाबा का चर्चा जोरों शोरों से चल रहा है कि चांवल देखकर दुसरो के भविष्य बताने वाले बाबा स्वयं का भविष्य नही देख पाएं। बागबाहरा थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस ने कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य के रूप में पहचान रखने वाले रायपुर जिले के निवासी नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार किया है। एक महिला की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लाई पुलिस
सूत्रों के मुताबिक नरेंद्र नयन शास्त्री रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र के निवासी हैं और कथावाचन तथा ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उन्हें “चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा” के रूप में भी पहचान मिली हुई है। महासमुंद पुलिस की टीम ने उन्हें सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लाया।
हाई प्रोफाइल मामले के रूप में हो रही जांच
आरोपी की सार्वजनिक पहचान और धार्मिक कार्यक्रमों से जुड़े होने के कारण मामले को हाई प्रोफाइल माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक विस्तृत टिप्पणी करने से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।


