पीयूष गोयल ने लॉन्च किया भारतीय व्यापार महोत्सव, अगस्त में लगेगा देशका सबसे बड़ा मल्टीसेक्टर एक्सपो

पीयूष गोयल ने लॉन्च किया भारतीय व्यापार महोत्सव, अगस्त में लगेगा देशका सबसे बड़ा मल्टीसेक्टर एक्सपो

May 18, 2026 0 By Central News Service

CNS, रायपुर/केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में CAIT के कार्यक्रम में भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की। ITPO और CAIT के संयुक्त आयोजन में यह महोत्सव 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।

गोयल ने कहा कि भारत अब वैश्विक आर्थिक शक्ति बन रहा है। अगर व्यापारी, उद्योग, MSME, स्टार्टअप और उद्यमी साथ मिलकर काम करें तो 1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात का लक्ष्य आसानी से हासिल होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के पास कौशल, ज्ञान और प्रतिभा है। अगर उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर बने तो दुनिया भारतीय सामान को प्राथमिकता देगी और विदेशी निर्भरता कम होगी। उन्होंने BVM को भारतीय व्यापार समुदाय के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया।

CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। BVM को केवल उपभोक्ता बाजार नहीं, बल्कि विनिर्माण और निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में भारत की पहचान बनाने का मंच माना जाना चाहिए। पारवानी के अनुसार यह एक्सपो “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल टू ग्लोबल” विजन को गति देगा और MSME, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप, कारीगरों और निर्माताओं को सशक्त बनाएगा।

ITPO के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा कि BVM रिटेल व्यापार की छवि बदलने वाला आयोजन होगा, जबकि MD नीरज खरवाल ने कहा कि यह भारत की उत्पादन क्षमता, परंपरागत उत्पाद और नवाचार को वैश्विक मंच पर दिखाएगा।

सम्मेलन में देश के 27 राज्यों से लगभग 150 व्यापारिक नेताओं, निर्यातकों, उद्योगपतियों और महिला उद्यमियों ने भाग लिया। पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री द्वारा सुझाए गए 7 रणनीतिक कदमों पर चर्चा हुई और भारत को वैश्विक सप्लाई चेन हब बनाने के लिए रोडमैप तैयार किया गया। अंत में आत्मनिर्भर भारत और सशक्त अर्थव्यवस्था के विजन के समर्थन में संयुक्त प्रस्ताव पारित किया जाएगा।