रायपुर में अघोषित बिजली कटौती पर वार्ड 40 के लोगों का प्रदर्शन,विकास उपाध्याय ने घेरा विद्युत विभाग

रायपुर में अघोषित बिजली कटौती पर वार्ड 40 के लोगों का प्रदर्शन,विकास उपाध्याय ने घेरा विद्युत विभाग

May 18, 2026 0 By Central News Service

CNS, रायपुर, 18 मई 2026 — साय सरकार में बिजली की अघोषित कटौती और विद्युत विभाग की “बहानेबाजी” के खिलाफ रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 40 के निवासियों ने डीडी नगर स्थित विद्युत विभाग के डिवीजन कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व संसदीय सचिव एवं रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि डीडी नगर क्षेत्र में हल्की बारिश होते ही बिजली काट दी जाती है। शिकायत करने पर हर बार अधिकारियों द्वारा “33 केवी बंद है” कहकर टाल दिया जाता है। राजधानी में थोड़ी सी आंधी-तूफान में बिजली गुल होना, लो वोल्टेज और एक फेस का गायब रहना अब आम हो गया है। वार्ड के जर्जर तारों और ट्रांसफार्मर की मरम्मत भी युद्धस्तर पर नहीं हो रही।

विकास उपाध्याय ने कहा, “बिजली विभाग मुख्यमंत्री का विभाग है, लेकिन सबसे ज्यादा अव्यवस्था और भ्रष्टाचार यहीं देखने को मिल रहा है। अधिकारी मदमस्त हैं, जनता फोन करती रहती है पर उन्हें नजरअंदाज किया जाता है। कस्टमर केयर नंबर हमेशा व्यस्त रहता है। अगर व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं हुई तो जनता सड़क पर उतरेगी।”

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया, “क्या रायपुर पश्चिम विधानसभा सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता से पूछा जा सकता है कि क्या पहले उन्हें बिजली की इतनी समस्याओं का सामना करना पड़ता था?”

प्रदर्शन में अशोक सिंह ठाकुर, लखन लाल बाजपेयी, सौमित्र मिश्रा, संदीप शर्मा, संजू नायडू, शैलेन्द्र शर्मा, प्रदीप शर्मा, शशिकांत साहू, गौरीशंकर दुबे, दिनेश पाण्डेय, हरिश वर्मा, फ्रांसिस डेविड, डॉ. सोनवानी, विजय गिदवानी, विजय शर्मा, सूर्यभूषण शुक्ला, मनीष ठाकुर, शरद अग्रवाल, मनीष पाण्डेय, नवीन नाग, सूरज दिवाकर, शुभम रजक, मेहताब हुसैन, देवा साहू, राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए।