रायपुर में भाजपा नेता धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट, पुलिस जांच में जुटी
May 18, 2026रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच राजधानी में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान लूट का शिकार हो गए। बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कौशिक सुबह करीब सवा आठ बजे घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक ने अचानक उनका मोबाइल झपट लिया और तेजी से भाग निकला। घटना के समय कौशिक अकेले थे।
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कौशिक ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान के लिए टीमें गठित की गई हैं।
शहर में बढ़ रही मोबाइल लूट की घटनाएं
रायपुर में मोबाइल लूट की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। दो दिन पहले पंडरी इलाके में एक युवक पर ब्लेड से हमला कर उसका मोबाइल लूट लिया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और शहर में गश्त बढ़ाई जाएगी।


