छत्तीसगढ़ की औद्योगिक ताकत दिखाएगा भारतीय व्यापार महोत्सव 2026कैट प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन से की मुलाकात

छत्तीसगढ़ की औद्योगिक ताकत दिखाएगा भारतीय व्यापार महोत्सव 2026कैट प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन से की मुलाकात

May 15, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 15 मई 2026: देश के सबसे बड़े व्यापार मेले ‘भारतीय व्यापार महोत्सव 2026’ में छत्तीसगढ़ के सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यमों और स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। इस संबंध में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्य के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन से मुलाकात कर महोत्सव की रूपरेखा और प्रदेश की सहभागिता पर चर्चा की।

कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल में कैट छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

बैठक में हस्तशिल्प, इस्पात, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और ‘वोकल फॉर लोकल’ उत्पादों को राष्ट्रीय मंच देने पर सहमति बनी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सरगुजा, बस्तर और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के स्थानीय उद्यमियों की सहभागिता महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगी। इससे प्रदेश के उत्पादों को देशभर के खरीदारों और निवेशकों तक पहुंच मिलेगी।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश के उद्योग, व्यापार और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने और उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का आयोजन 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होगा। कैट ने इसे आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने और राज्य में रोजगार सृजन, निर्यात संभावनाएं बढ़ाने का सशक्त मंच बताया।