किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी करने राज्य सरकार का ऐतिहासिक निर्णय – डॉ रश्मि चंद्राकर
March 24, 2023महासमुंद 24 मार्च 2023/ कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ में किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी करने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होने इसे किसानों के
सशक्तिकरण की दिशा में कांग्रेस सरकार द्वारा लिया गया ऐतिहासिक निर्णय बताया है। अब तक राज्य में किसानों से प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही थी।
गुरुवार को राज्य विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह घोषणा की । सीएम भूपेश बघेल इससे पूर्व आगामी सत्र से 2800 रुपये प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य घोषित किया था। इन दोनों फैसलों के लिए महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने जिले के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

उन्होने कहा है कि ये फैसले बताते हैं कि राज्य के किसानों का सशक्तिकरण मुख्यमंत्री बघेल की प्राथमिकताओ मे है। किसान पुत्र मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश की कांग्रेस सरकार किसानों के सच्चे हितैषी हैं।2018 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से अब तक किसानों के हित में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में अनेक निर्णय लिए गए हैं। कैबिनेट की पहली बैठक में किसानों की कर्ज माफी का ऐतिहासिक फैसला लिया गया था। इससे महासमुंद जिले के हजारों किसान लाभान्वित हुए हैं।

श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने महासमुंद जिले के अंतर्गत अनेक स्थानों पर नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने को मंजूरी दी है। इसके परिणामस्वरुप अब किसानों का धान उस गांव के खरीदी केंद्र तक आने लगा है और उन्हें अनेक दिक्कतों से निजात मिल गई है। कांग्रेस सरकार हर साल धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि कर किसानों की दशा सुधारने में अहम योगदान दे रही है। किसानों से संबंधित यह ऐसे विषय हैं, जिनका समाधान करने की ओर भाजपा सरकार ने कभी ध्यान नहीं दिया। जबकि छत्तीसगढ़ में भाजपा 15 साल लगातार सत्ता में रही।






