विश्व जल दिवस पर खरोरा के विद्यार्थियों ने सीखा जल संरक्षण के गुर….जल के बिना जीवन नहीं – प्रेम
March 23, 2023
संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद 23 मार्च 2023/ पृथ्वी पर थल और जल निश्चित है लेकिन वर्तमान में जल के सदुपयोग से आज पुरे विश्व में जल के नाम से हाहाकार उत्पन्न हो रहें हैं। महासमुंद जिला मुख्यालय समीपस्थ ग्राम पंचायत खरोरा के शासकीय उच्च माध्यमिक शिक्षा केन्द्र में जल ही जीवन मिशन के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जल ही जीवन है क्योंकि जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। जनसंख्या में वृद्धि और औद्योगिकीकरण के विकास के साथ-साथ जल की खपत में वृद्धि हुई है। दिन-ब-दिन भूमि का जल स्तर कम होते जा रहा है अतः यह आवश्यक है कि जल का सोच समझकर उपयोग किया जाए।” उक्त बातें थी मिडिल स्कूल खरोरा में आयोजित विश्व जल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ के जिला समन्वयक प्रेम साहू के। विश्व जल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ के सहयोग से शाला जल संरक्षण हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में बच्चों को 4 समूहों में विभाजित कर विषय प्रदान किए गए। जिसमें समूहों द्वारा “घर में खपत होने वाले जल” और “शाला में खपत होने वाले जल पर” विस्तृत चर्चा कर जल बचत हेतु विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर संस्था के प्रधान पाठक उमेश भारती गोस्वामी ने कहा कि “जल संरक्षण और रखरखाव को लेकर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। जल मनुष्य के साथ साथ समस्त जीव जन्तुओं तथा पेड़-पौधों के लिए आवश्यक है।

जिस तरह घर, कार्यालयों या अन्य स्थानों पर जल की बर्बादी की जा रही है इसे देखते हुए आने वाले दिनों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अतः जल का सदुपयोग करना हम सभी का दायित्व है।” विद्यार्थियों द्वारा समूहवार ड्राइंग शीट पर दिए गए विषय बिंदु के आधार पर प्रोजेक्ट तैयार कर प्रस्तुतिकरण किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण पर “चित्रकला प्रतियोगिता” और “स्लोगन लेखन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक डोमार राम साहू, रामेश्वरी ध्रुव व दुबे कुमार पटेल का मार्गदर्शन व सहयोग प्राप्त हुआ।





