31 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, बंद जनधन खाते होंगे चालू, PVTG परिवारों पर फोकस

31 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, बंद जनधन खाते होंगे चालू, PVTG परिवारों पर फोकस

October 24, 2026 0 By Central News Service

छत्तीसगढ़ में 31 दिसंबर तक चलेगा विशेष वित्तीय समावेशन अभियान, 11,689 पंचायतों में लगेंगे शिविर

रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक विशेष वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत प्रदेश की सभी 11,689 ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बैंकिंग सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित लोगों को जोड़ना है।

बैंक खुद पहुंचेंगे द्वार तक
SLBC छत्तीसगढ़ के संयोजक एवं SBI के उप महाप्रबंधक दीपक कुमार अभिषेक ने बताया कि सभी बैंक शाखाएं अपने क्षेत्रों में शिविर लगा रही हैं। यहां मौके पर ही नए जनधन खाते खोले जाएंगे, बंद खातों का Re-KYC, आधार सीडिंग और नॉमिनेशन अपडेट किया जाएगा। PVTG परिवारों को जोड़ने पर विशेष फोकस रहेगा।

₹20 और ₹436 में ₹2 लाख का सुरक्षा कवच
शिविरों में केंद्र की प्रमुख योजनाओं का लाभ दिया जाएगा-

  • PM सुरक्षा बीमा योजना: ₹20 सालाना प्रीमियम पर दुर्घटना में मृत्यु/दिव्यांगता पर ₹2 लाख का कवर (18 से 70 वर्ष)
  • PM जीवन ज्योति बीमा योजना: ₹436 सालाना प्रीमियम पर किसी भी कारण से मृत्यु पर ₹2 लाख (18 से 50 वर्ष)
  • अटल पेंशन योजना: 60 वर्ष बाद निश्चित मासिक पेंशन

इसके साथ ही ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ के तहत अनक्लेम्ड डिपॉजिट की जानकारी, किसानों को KCC से जोड़ना, रबी फसल के लिए फसल बीमा योजना और साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी भी दी जा रही है।