महासमुंद -संसदीय सचिव चंद्राकर ने जिला युवा उत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ किया…युवा अपनी शक्ति का प्रयोग सकारात्मक तौर पर करें- चंद्राकर
October 14, 2022
महासमुंद 14 अक्टूबर 2022/ आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिला मुख्यालय स्थित महासमुंद वन विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव का आज संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में चित्रकला, कविता, फोटोग्राफी, भाषण, सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, युवा संवाद सहित कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिता 15 से 29 वर्ष के युवाओं के बीच हुई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य अनिता रावटे, नेहरू युवा केन्द्र के समन्वयक अदनान पाल सहित अन्य प्रतिभागी युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विविध अध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में लोगों को जागरूक करना और जिले के युवा कलाकारों, लेखकों, कवियों, चित्रकारों, फोटोग्राफरों और वक्ताओं की प्रतिभा को निखारना है। यह युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव की भावना और साहस की अवधारणा को प्रचारित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। यह उद्देश्य युवाओं की सभा आयोजित करके और उन्हें विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करके प्राप्त किया जाता है।
उन्होंने कहा कि जहां युवाओं में शक्ति व जोश होता है वहां सफलता निश्चित है। इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को निराशा से दूर रखते हैं। युवा अपनी शक्ति का प्रयोग सकारात्मक तौर पर करें। युवा अगर शक्ति का प्रयोग नहीं करेंगे तो वह शक्ति क्षीण हो जाएगी। हमें अपनी शक्ति का प्रयोग हमेशा अच्छे कार्यों के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों में भाग लेकर सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए युवा देश भक्ति का बहुत बड़ा कार्य कर सकते हैं। युवाओं को जिस क्षेत्र में आगे बढ़ने की ललक होती है उसके लिए उन्हें निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य अनिता रावटे ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में चित्रकला, मोबाईल फोटोग्राफी, कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर तथा प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




