फसल बीमा नहीं मिलने से नाराज 07 गांवों के किसानों ने घेरा कलेक्टोरेट… सांसद सहित भाजपा किसान मोर्चा घेराव में रहें शामिल..

फसल बीमा नहीं मिलने से नाराज 07 गांवों के किसानों ने घेरा कलेक्टोरेट… सांसद सहित भाजपा किसान मोर्चा घेराव में रहें शामिल..

September 13, 2022 0 By Central News Service

महासमुंद 13 सितंबर 2022/ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कंपनी द्वारा वर्ष 2021.22 की क्षतिपूर्ति राशि नहीं मिलने से नाराज किसानों ने कलेक्टोरेट कार्यालय का घेराव कर दिया। किसानों के समर्थन में भाजपा किसान मोर्चा भी घेराव में शामिल हुआ।

महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू और भाजपा नेताओं के नेतृत्व में दोपहर 1 बजे करीब दो सौ किसान रैली के रुप में कलेक्टोरेट पहुंचे। जहां तैनात पुलिस बल ने नेताओं और किसानों को गेट पर रोक दिया, बाद किसानों ने शासन प्रशासन और बीमा कंपनी के खिलाफ नारेबाजी शुरु कर दी। किसानों की मांग सुनने के लिए पहुंचे अधिकारियों को नेताओं और किसानों ने कहा कि किसान जब ऋण लेते हैं तब बीमा कंपनी बड़ी ईमानदारी के साथ प्रीमियम की राशि किसानों से वसूल कर लेती । पर जब क्षतिपूर्ति की राशि का भुगतान की बारी आती है तब बीमा कंपनी ध्यान नहीं देती है और इसके लिए प्रशासन किसानों की मदद नहीं करते। फसल क्षति के बाद एक साल बाद भी बीमा राशि नहीं मिलने को लेकर सवाल किया और भुगतान करने तिथि बताने कहा।

अधिकारी से सार्थक जवाब नहीं मिलने पर नेता और किसान गेट पर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरु कर दी। किसान मोर्चा नेता ने कहा कि बीमा के लिए पूर्व में किसानों द्वारा सौंपे ज्ञापन में किसानों ने बताया है कि 07 गांव छिबर्रा, चिंगरिया, टूहलु, राटापाली, खट्टाडीह, चंदरपुर,जुनवानीखुर्द के किसानों को आज पर्यंत क्षतिपूर्ति की राशि का भुगतान बीमा कंपनी द्वारा नहीं किया गया है। बागबाहरा ब्लॉक के 72 गांव में सीसी ऑबजेक्शन के चलते बीमा क्लेम का निराकरण नहीं होने के कारण इन गांवों के किसानों को फसल बीमा क्षतिपूर्ति की राशि रोकी गई है। इसकी शिकायत प्रशासन से कई बार की जा चुकी है। बावजूद किसानों की मांग पर प्रशासन का रवैया उदासीन है। जिससे किसानों को बार बार अपनी मांग लेकर कलेक्टोरेट का चक्कर काटना पड़ रहा है।

किसानों के साथ आंदोलन में बागबाहरा जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर, हितेश चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य अलका चंद्राकर, भाजपा नेता नरेश चंद्राकर, किसान मोर्चा अध्यक्ष दुबे लाल साहू, प्रदीप चंद्राकर, योगेश्वर राजु सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि पवन साहू, मोहन साहू, प्रेम चंद्राकर, अरविंद प्रहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे।