शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय के द्वारा नशा मुक्ति जागरुकता अभियान चलाया गया

शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय के द्वारा नशा मुक्ति जागरुकता अभियान चलाया गया

November 25, 2026 0 By Central News Service

महासमुंद 25 नवंबर 2026// शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय महासमुंद में प्राचार्य डॉ. शील भद्र कुमार के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रेड रिबन इकाई द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत गोदग्राम मचेवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा समाज में नशा मुक्त वातावरण निर्माण के लिए जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सरस्वती वर्मा एवं रेड रिबन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्वेतलाना नागल के मार्गदर्शन में महाविद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके गंभीर परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों एवं किशोरों में बढ़ती नशे की लत के प्रति चिंता व्यक्त की गई। छात्राओं ने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगति, मित्रों के दबाव, जिज्ञासा अथवा परिवार और समाज में जागरूकता की कमी के कारण होती है, जो आगे चलकर व्यक्ति के जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके शिक्षा, व्यवहार, मानसिक स्थिति, पारिवारिक संबंधों एवं सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की आदत बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बना सकती है तथा परिवार में आर्थिक, मानसिक और सामाजिक समस्याओं को जन्म दे सकती है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों, मित्र मंडली एवं व्यवहार में होने वाले बदलावों पर ध्यान दें। यदि किसी बच्चे में नशे से संबंधित संकेत दिखाई दें, तो उसे डांटने अथवा अपमानित करने के बजाय प्रेम, संवाद और सहयोग के माध्यम से सही मार्गदर्शन प्रदान करें। बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में समय रहते जानकारी देना तथा उन्हें खेल, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना आवश्यक है।

इस जागरूकता अभियान में स्वयंसेविकाओं डॉली साहू, ईशा साहू, रीतू साहू, सेजल, रानी मरकाम, पल्लवी भोई, यामिनी भोई, सुमन ध्रुव, ऋचा, चित्रलेखा, सरिता ध्रुव एवं कीर्ति साहू ने सक्रिय सहभागिता निभाई। छात्राओं ने अपने अभिनय और संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के विरुद्ध जागरूक रहने तथा बच्चों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना की तथा नशा मुक्ति के संदेश को समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।