छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और साहित्यिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाएगा रायपुर साहित्य उत्सव
November 25, 2026रायपुर // राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर औपचारिक घोषणा की। इस बार की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। रायपुर साहित्य उत्सव इस विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ ही नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले साल रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में हुआ आयोजन अत्यंत सफल रहा और देशभर में चर्चा हुई। इस बार उत्सव को और अधिक व्यापक, भव्य और गरिमामय स्वरूप दिया जाएगा। प्रयास है कि यह देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए।
जनजातीय भाषाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने गोंडी, हल्बी, कुड़ुख, सादरी सहित विभिन्न भाषाओं और बोलियों में समाहित लोकज्ञान और साहित्य के दस्तावेजीकरण और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्सव में जनजातीय साहित्य और लोकभाषाओं को प्रमुख स्थान दिया जाए, ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सके।
युवाओं को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा भारत’ थीम भारत की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और साझा भविष्य के संकल्प को दर्शाती है। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिलेगा।
साहित्यकारों ने आयोजन को प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और साहित्य को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास सहित प्रदेशभर से वरिष्ठ साहित्यकार, कवि और लेखक उपस्थित थे।


