संजय नगर में 5 लोगों की मौत सुसाइड नहीं, मर्डर था; SIT ने पिता को ही बनाया आरोपी
November 25, 2026रायपुर // राजधानी के संजय नगर में 5 लोगों की सामूहिक मौत मामले में करीब 7 महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। SIT जांच के बाद पुलिस ने मृतक मुखिया साजिद अली को ही हत्या का आरोपी बनाया है।
जांच के मुताबिक साजिद ने पहले अपनी पत्नी और 3 बच्चों को खाने में कीटनाशक मिलाकर मौत के घाट उतारा, इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी।
सट्टे के घाटे से था परेशान
SIT जांच में सामने आया कि साजिद सट्टे के कारोबार में घाटे और आर्थिक तंगी से परेशान था। वह गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। बैंक खातों की जांच में पिछले 5 साल में करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन सामने आया है। कारोबार बंद होने के बाद उसकी परेशानी और बढ़ गई थी।
घटना वाले दिन क्या हुआ
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह मिठाई और खाना भी लेकर आया था। इसके बाद उसने खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर पत्नी राबिया और तीनों बच्चों को खिला दिया। CCTV फुटेज के अनुसार सुबह 10:18 बजे वह आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते दिखाई दिया।
घटना से करीब ढाई महीने पहले उसने एक परिचित से परिवार के साथ संबंध अच्छे नहीं होने और जीने का मन नहीं करने की बात भी कही थी।
करीब 5 महीने तक चली जांच के बाद टिकरापारा पुलिस ने साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है।
क्या था मामला
17 जुलाई को संजय नगर के मदनी चौक में किराए के मकान में एक ही परिवार के 5 लोगों की लाश मिली थी। मृतकों की पहचान साजिद अली (50 वर्ष), पत्नी राबिया और तीन बच्चे इरशाद अली, शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी। साजिद की लाश फांसी से झूल रही थी, बाकी सदस्यों की लाश संदिग्ध हालत में पड़ी थी।


