डोर टू डोर कचरा गाड़ियों की अब होगी लाइव ट्रैकिंग, जनवरी से आम नागरिक भी देख सकेंगे लोकेशन

डोर टू डोर कचरा गाड़ियों की अब होगी लाइव ट्रैकिंग, जनवरी से आम नागरिक भी देख सकेंगे लोकेशन

November 23, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 23 नवंबर 2026 // डोर टू डोर कचरा कलेक्शन गाड़ियों के वार्डों तक नहीं पहुंचने की शिकायतों को देखते हुए नगर निगम ने इन गाड़ियों की ट्रैकिंग के लिए सॉफ्टवेयर सिस्टम लॉन्च कर दिया है। इसी सिस्टम से अब शहर के 200 से अधिक सार्वजनिक शौचालयों की भी मॉनिटरिंग की जाएगी। यह हाईटेक इंतजाम केंद्र के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत इंदौर की तर्ज पर किया गया है।

निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने बताया कि जोनवार वार्डों के लिए अलग-अलग कचरा गाड़ियों का रूट प्लान पहले से ही तय किया गया था। उस रूट पर पहुंचकर गाड़ी कचरा ले रही है या नहीं, इसे लेकर पिछले कई महीनों से विवाद की स्थिति बनने लगी थी। इसे निपटाने के लिए यह सिस्टम लागू किया गया है।

जनवरी से इन गाड़ियों की ट्रैकिंग आम नागरिक भी करने लगेंगे। इससे उन्हें पता चलेगा कि उनके घर या दुकान से कचरा लेने वाली गाड़ी कितनी देर में उन तक पहुंचेगी। नागरिकों को मोर रायपुर ऐप के जरिये ओटीपी आदि की प्रक्रिया के बाद गाड़ियों को अपने स्मार्टफोन पर ही देख सकेंगे।

निगम में स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी योगेश कडू ने बताया कि इसका कमांड सेंटर जयस्तंभ चौक के पास स्थित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम बिल्डिंग में ही शुरू किया गया है। यहां अनुबंधित एजेंसी ब्रेन एबोव इंफोटेक के सॉफ्टवेयर इंजीनियर काम कर रहे हैं। अभी सात दिन पहले 40 कचरा गाड़ियों में यह ट्रैकिंग सिस्टम लगाकर परीक्षण किया जा रहा है।

टाइमिंग में हो रही गड़बड़ी

जिन गाड़ियों में ट्रैकिंग सिस्टम लगा है, उनकी एक सप्ताह की जांच में यह पता चला कि वार्डों के लिए गाड़ियां निकलती हैं, लेकिन वे रूट टाइमिंग मैनेज नहीं कर पातीं। इसलिए इस टाइम ट्रैकिंग सिस्टम में अब एक घर व दुकान से कचरा लेने का अधिकतम समय तय किया जाएगा। इस समय का अंतर अधिक हुआ तो सिस्टम में अलर्ट मैसेज शुरू हो जाएगा। इससे कचरा गाड़ी के अनावश्यक रुककर कलेक्शन में कर रही देरी का पता चल जाएगा।

सुबह टॉयलेट सफाई का फोटो जरूरी

इसी सिस्टम में शहर के 200 से अधिक टॉयलेट को भी जोड़ा गया है। कडू ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय में सुबह सफाई के बाद उसकी चार अलग-अलग कोणों से तस्वीरें अपलोड करनी होंगी। यहां सफाई हुई या नहीं, उसकी पुष्टि के लिए जोन के सफाई अमले को भी रोजाना फील्ड में निकलकर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। कचरा गाड़ी और टॉयलेट सफाई की समीक्षा हर सप्ताह महापौर और निगम के शीर्ष अधिकारी करेंगे।