यूसीसी पर आदिवासी समाज की आपत्ति, सरकार आपत्तियां करे सार्वजनिक : बैज
November 23, 2026रायपुर, 23 नवंबर 2026 // कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को बयान जारी कर आरोप लगाया कि प्रदेश का आदिवासी समाज यूसीसी के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक आदिवासी समाज ने यूसीसी पर आपत्ति जताई है। यदि सरकार में नैतिकता है, तो यूसीसी कमेटी के सामने आई आपत्तियों को सार्वजनिक करे।
बैज ने आरोप लगाया कि यूसीसी सर्वे एक ढोंग है, ड्राफ्ट पहले से ही दिल्ली में तैयार है। भाजपा सरकार का यह सर्वे जनता की राय लेने के लिए नहीं, बल्कि अपने नागपुर-दिल्ली के एजेंडे पर मुहर लगाने का एक प्रायोजित नाटक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी स्वाभिमान व जल-जंगल-जमीन के अधिकार यह सरकार छीनना चाहती है। यह आदिवासी और मूल निवासियों की अस्मिता पर सीधा हमला है। छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान, पारंपरिक अधिकारों और पेसा कानून को खत्म करने की साजिश की जा रही है।
बैज ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार समानता के नाम पर छत्तीसगढ़िया संस्कृति और आदिवासियों की पारंपरिक व्यवस्था, अनुसूची 5 के तहत जल-जंगल-जमीन के अधिकारों को खत्म करना चाहती है। जब ड्राफ्ट पहले से तय है, तो इस फर्जी सर्वे और प्रक्रिया पर छत्तीसगढ़ की जनता के करोड़ों रुपये क्यों लुटाए जा रहे हैं?
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राज्य सरकार यह लिखित गारंटी देगी कि छत्तीसगढ़ के रूढ़िगत अधिकार, प्रथा परंपरा पर हस्तक्षेप नहीं होगा? यूसीसी का मतलब यूनिफॉर्म सिविल कोड नहीं, भाजपा के लिए इसका मतलब अधिनायकवादी थोपा हुआ कोड है।


