बीरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, उत्तर जोन के 56 गुंडा-निगरानी बदमाशों को दी समझाइश
November 23, 2026रायपुर, 22 नवंबर 2026 // आगामी बीरगांव नगर निगम चुनाव के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने उत्तर जोन में असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एडीसीपी आदित्य पांडे, एसीपी पूर्णिमा लामा और एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई।
इस दौरान उत्तर जोन के कुल 39 गुंडा बदमाश एवं 17 निगरानी बदमाशों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, कानून का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त न होने की समझाइश दी गई।
थाना वार विवरण –
- थाना उरला – 06 गुंडा बदमाश एवं 04 निगरानी बदमाश
- थाना खमतराई – 12 गुंडा बदमाश एवं 05 निगरानी बदमाश
- थाना गुढ़ियारी – 08 गुंडा बदमाश एवं 02 निगरानी बदमाश
- थाना खम्हारडीह – 07 गुंडा बदमाश एवं 05 निगरानी बदमाश
- थाना पंडरी – 06 गुंडा बदमाश एवं 01 निगरानी बदमाश
पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना ही इस कार्रवाई का उद्देश्य है। असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


