परिसीमन पर विपक्ष के आरोप हताशा का परिणाम : मुख्यमंत्री साय
November 23, 2026परिसीमन पर विपक्ष के आरोप हताशा का परिणाम : मुख्यमंत्री साय
रायपुर, 22 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिसीमन को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा और एनडीए अपनी नीतियों, जनकल्याणकारी कार्यों और जनता के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर लगातार देशवासियों का विश्वास अर्जित कर रहे हैं। दूसरी ओर, लगातार चुनावी पराजय से हताश विपक्ष अनर्गल आरोप लगाकर अपनी खीझ मिटाने का प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने आज भाजपा युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के शुभारंभ सत्र में शामिल होने के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर रहा है, जिन्होंने वर्षों तक झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया और सत्ता हासिल की, वे आज दूसरों पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए ‘नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ की कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है।
उन्होंने कहा कि चुनावों में बार-बार पराजय से विपक्ष बौखलाया हुआ है और इसी हताशा में निराधार बयानबाजी कर रहा है। ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली स्थिति विपक्ष की हो गई है। जनता ऐसे आरोपों को गंभीरता से नहीं लेती।
पटवारी संघ का हड़ताल समाप्त करने का निर्णय स्वागत योग्य
पटवारी संघ की हड़ताल के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पटवारी संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री निवास पहुंचा था। सकारात्मक चर्चा के बाद संघ ने पिछले कई दिनों से जारी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति के समक्ष पटवारी संघ के प्रतिनिधि भी अपने सुझाव रख सकेंगे। हड़ताल अवधि में कुछ पटवारियों के विरुद्ध हुई कार्यवाहियों पर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश में धान खरीदी चल रही है। चक्रवात और अत्यधिक बारिश से कई क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन करना और प्रभावित किसानों को सहयोग उपलब्ध कराना जरूरी है।
युवा मोर्चा पर बड़ी जिम्मेदारी
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिवसीय कार्यसमिति में कुल सात सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर चर्चा होगी।


