चक्रवात से बर्बाद फसल पर CM साय का बड़ा ऐलान: हर किसान के साथ खड़ी है सरकार, सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा
November 20, 2026रायपुर। अकवान चक्रवात से जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उनके लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साफ कर दिया है कि राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है। किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, सर्वे कराकर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।
सभी कलेक्टरों को दिए सर्वे के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का तुरंत सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर ही किसानों को सहायता राशि का भुगतान किया जाएगा।
कैसे मिलेगा मुआवजा?
1. आरबीसी 6-4 के तहत: जिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ है, उन्हें राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।
2. फसल बीमा से: जिन किसानों की फसलें बीमित हैं, उन्हें फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सरकार का फोकस है कि कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे।


