छत्तीसगढ़ के दो नन्हे साइंटिस्ट करेंगे कोरिया में कमाल! CM साय ने दिया आशीर्वाद, बोले – छत्तीसगढ़ के बच्चों में टैलेंट की कोई कमी नहीं

छत्तीसगढ़ के दो नन्हे साइंटिस्ट करेंगे कोरिया में कमाल! CM साय ने दिया आशीर्वाद, बोले – छत्तीसगढ़ के बच्चों में टैलेंट की कोई कमी नहीं

November 20, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थी अब दक्षिण कोरिया में भारत का झंडा बुलंद करेंगे। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 7वीं में पढ़ने वाले पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन रोबोटिक्स की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतियोगिता रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल के लिए हुआ है। ये प्रतियोगिता 28 और 29 नवंबर को दक्षिण कोरिया में होगी।

CM निवास में मुलाकात, साय ने बढ़ाया हौसला

दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों की पीठ थपथपाई, उनका उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा – “छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के बेहतर अवसर मिलें।

7000 बच्चों को पछाड़कर मारी बाजी

पराक्रम और गौस ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल किया था। इसी के दम पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय फाइनल के लिए हुआ।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। 9 अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट्स ने दम दिखाया। इनमें से सिर्फ 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।

LEGO Line Follower में ऐसा रोबोट बनाना होता है, जो ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसके अनुसार आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता जरूरी होती है।

शिक्षकों का भी रहा बड़ा योगदान

मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, एमडी रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी।