शादी सीजन में छत्तीसगढ़ में 20 हजार करोड़ का कारोबार, देश में 7.5 लाख करोड़ का अनुमान : कैट
November 19, 2026रायपुर, 19 नवंबर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने कहा है कि 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलने वाले 25 दिन के विवाह सीजन में देशभर में करीब 52 लाख शादियां होंगी, जिनसे लगभग ₹7.50 लाख करोड़ का कारोबार होगा। छत्तीसगढ़ में इसी अवधि में 1.30 लाख से 1.50 लाख शादियों से ₹18,000 से ₹20,000 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन और राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने बुधवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। विज्ञप्ति पर प्रदेश चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल, राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी और शंकर बजाज के भी हस्ताक्षर हैं।
पारवानी ने बताया कि 15 दिसंबर के बाद मलमास शुरू होने से विवाह आयोजनों पर विराम लग जाएगा, इसलिए पूरा जोर इन्हीं 25 दिनों पर है। कैट की शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने यह आकलन 25 राज्यों के प्रमुख थोक-खुदरा बाजारों में 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 संगठनों से बातचीत के आधार पर तैयार किया है।
रायपुर से जगदलपुर तक बाजार में तेजी
कैट के अनुसार राजधानी रायपुर के साथ दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जगदलपुर, अंबिकापुर, राजनांदगांव और धमतरी में कपड़ा, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, होटल, मैरिज गार्डन और बैंक्वेट हॉल में मांग तेज रहेगी।
किन सेक्टरों में होगा कारोबार
पारवानी ने कहा, शादियां अब सिर्फ सामाजिक आयोजन नहीं, अर्थव्यवस्था का इंजन हैं। अनुमानित कारोबार में वस्तु और सेवा दोनों शामिल हैं:
- आभूषण: सोना, चांदी, हीरा • वस्त्र: साड़ी, लहंगा, शेरवानी, रेडीमेड • किराना व खाद्य: अनाज, दाल, फल, ड्राई फ्रूट, मिठाई • इलेक्ट्रॉनिक्स व घरेलू सामान: टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, फर्नीचर, बर्तन • वेन्यू व हॉस्पिटैलिटी: होटल, रिसॉर्ट, बैंक्वेट • कैटरिंग, डेकोरेशन, इवेंट मैनेजमेंट: टेंट, लाइट, फ्लावर,स्टेज फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, डीजे, संगीत ट्रैवल-ट्रांसपोर्ट: टिकट, कार रेंटल, बस • ब्यूटी-ग्रूमिंग: मेकअप, सैलून, वेलनेस रोजगार और स्वदेशी पर जोर
कैट ने कहा कि इस सीजन से डेकोरेटर, टेंट हाउस, कैटरर, फूल विक्रेता, फोटोग्राफर, ब्यूटीशियन, संगीत कलाकार, ट्रांसपोर्टर, होटल स्टाफ, इवेंट मैनेजर और कारीगरों को बड़ी संख्या में काम मिलेगा। इससे एमएसएमई और असंगठित क्षेत्र को सीधा सहारा मिलेगा।
पारवानी ने अपील की कि परिवार आभूषण, वस्त्र, हस्तशिल्प, फर्नीचर और गिफ्ट की खरीद स्थानीय व्यापारियों और भारतीय निर्माताओं से करें, ताकि आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिले।
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल निमंत्रण, ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल पेमेंट और सोशल मीडिया कंटेंट के बढ़ते चलन से पारंपरिक व्यापार के साथ नए उद्यमियों के लिए भी अवसर बन रहे हैं। व्यापक लेन-देन से जीएसटी के जरिए सरकारी राजस्व में भी योगदान बढ़ेगा।


