भाजपा राज में संस्थाएं ठप, कर्मचारी हड़ताल पर: विकास उपाध्याय, माना-तूता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने को कांग्रेस का समर्थन, बोले — योजनाएं गिनाना नहीं, अमल करने वालों को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी
November 19, 2026रायपुर। माना-तूता धरना स्थल पर पिछले तीन दिन से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रही छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की बहनों के समर्थन में बुधवार को कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय पहुंचे।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपाध्याय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं विषम परिस्थितियों में भी निष्ठा से काम करती हैं। कोरोना काल हो, कुपोषण के खिलाफ अभियान हो, चुनाव कार्य हो या महतारी वंदन योजना के फॉर्म भरवाना, हर मोर्चे पर इन्होंने सरकार के काम को जमीन पर सफल बनाया है।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुशासन का आलम है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सड़क पर हैं, पटवारी हड़ताल की तैयारी में हैं और कई विभागों के कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में जनता अपना काम कराने कहां जाए। सरकार को न जनता की चिंता है, न कर्मचारियों की। चुनाव में याद आती है, सत्ता में आने के बाद सुनवाई बंद हो जाती है।
उपाध्याय ने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 6,500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया गया था। साथ ही सेवा समाप्ति पर कार्यकर्ताओं को 25,000 रुपये और सहायिकाओं को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की नीति बनाई गई थी, जबकि पहले ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी आंगनबाड़ी बहनों की जायज मांगों के साथ खड़ी है और सरकार बनने पर इन मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इनको अधिकार, सम्मान और उचित पारिश्रमिक दिलाना पार्टी की प्रतिबद्धता है।


