हर घर में स्नेह का दीप: वार्ड 34 में आकाश तिवारी ने निभाई स्नेह परंपरा, बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद
November 7, 2026रायपुर। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष एवं पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड 34 के पार्षद आकाश तिवारी ने इस दिवाली भी अपनी स्नेह परंपरा निभाते हुए वार्ड के हर घर में पहुंचकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
आकाश तिवारी ने कहा कि दिवाली तब ही सार्थक है, जब दीप बनाने वाले कुम्हार के घर में भी दिया जले और मिठाई बनाने वाले हलवाई के घर में भी मिठास आए। इसी भावना के साथ उन्होंने कुम्हार, हलवाई, किसान, बताशा, झालर, चुगनी, झाड़ू और फ्लेक्स वाले सहित छोटे व्यापारियों के घर जाकर शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उन्होंने वार्ड के बड़े-बुजुर्गों के घर पहुंचकर चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और उनके स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। बुजुर्गों ने भी उन्हें स्नेह और आशीर्वाद दिया।
आकाश तिवारी ने कहा, “मेरे लिए मेरा वार्ड केवल एक वार्ड नहीं, मेरा परिवार है। यह आपसी स्नेह, भाईचारा और सहयोग का प्रांगण निरंतर बना रहे, यही मेरी अभिलाषा है।”
वार्डवासियों ने भी उनकी इस स्नेह परंपरा की सराहना की और कहा कि हर वर्ष दिवाली पर उनका घर-घर आना ही वार्ड की सबसे बड़ी खुशी है।

