कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी पर CM साय से मिला कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जताया आभार

कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी पर CM साय से मिला कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जताया आभार

November 7, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा कर्मचारियों की लंबे समय से प्रमुख मांग रही है। इससे विशेष रूप से गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार की स्थिति में कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। उपचार के लिए पहले बड़ी राशि की व्यवस्था करने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरने जैसी कठिनाइयां कम होंगी।

इस अवसर पर फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को फेडरेशन की ओर से आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।

मुलाकात के दौरान पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा एवं संतोष कुमार वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।