पंडरी में दुकानों की तोड़फोड़ पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी व्यापारियों को लेकर पहुंचे कमिश्नरेट
November 6, 2026
रायपुर। पंडरी जीवन बीमा मार्ग में दुकानों में हुई तोड़फोड़ को लेकर रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी पीड़ित व्यापारियों के साथ कमिश्नरेट पहुंचे और एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल से न्याय की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि मध्यरात्रि करीब 2 बजे मकान मालिक ने बिना पूर्व सूचना के दुकानों के ऊपर की छत तोड़ दी। अचानक हुई तोड़फोड़ से दुकानों के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। व्यापारियों ने तोड़फोड़ करने वालों को पकड़कर देवेंद्र नगर थाने के सामने प्रस्तुत किया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आकाश तिवारी ने कहा कि दीपावली के त्योहार के समय जब व्यापारी सालभर की कमाई की आस लगाए बैठा है, तब इस तरह बलपूर्वक तोड़फोड़ उनकी रोजी-रोटी पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि देवेंद्र नगर थाने से पीड़ित व्यापारियों को उचित सहयोग नहीं मिल रहा है, जिससे व्यापारी भय और असुरक्षा में हैं।
इससे पहले आकाश तिवारी ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से भी इस मामले पर चर्चा की थी। आयुक्त ने निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल ने आश्वस्त किया कि प्रकरण में पुनः विचार कर जांच कर पुलिस द्वारा हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

