तीन दिन में दो मुख्य प्रमोटरों पर शिकंजा, कांग्रेस का सट्टा सिंडिकेट बेनकाब : भाजपा

तीन दिन में दो मुख्य प्रमोटरों पर शिकंजा, कांग्रेस का सट्टा सिंडिकेट बेनकाब : भाजपा

November 5, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि तीन दिन के भीतर मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण और सह-प्रमोटर रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी ने साफ कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

चौधरी ने कहा कि महादेव सट्टा एप घोटाले की एफआईआर में भूपेश बघेल स्वयं छठे नंबर पर नामजद आरोपी हैं। जो व्यक्ति खुद आरोपी है, वह जांच एजेंसियों की निष्पक्ष प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। यह चोर मचाए शोर जैसा है।

लुकआउट नोटिस पर बघेल के सवालों को उन्होंने उनकी प्रशासनिक अज्ञानता बताया। उन्होंने कहा कि लुकआउट नोटिस तब जारी होता है जब आरोपी के भागने की आशंका हो। बघेल की सरकार के समय ही उनके संरक्षण में सट्टा एप के सरगना देश छोड़कर भागे थे। अब जो पहले ही भाग चुके हैं, उनके लिए लुकआउट नोटिस की मांग करना पाखंड है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ को सट्टेबाजों की सुरक्षित शरणस्थली बना दिया गया था। अब सीबीआई और ईडी एक-एक कर सिंडिकेट को कानून के शिकंजे में ला रही है, इसलिए कांग्रेस और बघेल की जमीन खिसक गई है।