पुलिस विभाग में फिर करोड़ों का गबन, आरक्षक पर 1.18 करोड़ हड़पने का आरोप
November 5, 2026
रायपुर। जगदलपुर के बाद अब राजधानी रायपुर में भी पुलिस वेतन शाखा में करोड़ों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी, माना कैंप में पदस्थ आरक्षक कमलेश कुमार साहू पर करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये के गबन का आरोप है।
विभागीय जांच में वेतन पर्चियों में हेरफेर कर अतिरिक्त राशि निकालने की बात सामने आने के बाद माना कैंप थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह अनियमितता नवंबर 2012 से अप्रैल 2017 के बीच की है। आरोप है कि कमलेश ने वेतन शाखा में रहते हुए प्रतिनियुक्ति भत्ता और विशेष राशन भत्ते के नाम पर अपनी पात्रता से अधिक भुगतान प्राप्त किया। जांच रिपोर्ट में कुल 1 करोड़ 18 लाख 30 हजार 739 रुपये की अतिरिक्त राशि निकालने का उल्लेख है। यह रकम आरक्षक के दो बैंक खातों के साथ उसकी मां विसाहिन साहू के खाते में भी जमा कराई गई।
जांच अधिकारी ने 31 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट सौंपी थी, जिसके बाद 4 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब बैंक लेन-देन का रिकॉर्ड खंगाल रही है और यह पता लगा रही है कि पांच साल तक यह गड़बड़ी कैसे छिपी रही और इसमें किसी और की भूमिका तो नहीं थी।

