महतारी वंदन योजना पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सरकार से पूछे सवाल

महतारी वंदन योजना पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सरकार से पूछे सवाल

November 5, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। महतारी वंदन योजना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सीधे सवाल पूछे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार योजना का खूब प्रचार कर रही है, लेकिन आंकड़े कुछ और कह रहे हैं। मार्च 2024 में लगभग 70 लाख 9 हजार महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन नवंबर 2026 में यह संख्या घटकर 67 लाख 40 हजार रह गई है।

विकास उपाध्याय ने पूछा कि आखिर उन 2 लाख 69 हजार महिलाओं का क्या हुआ? उन्हें योजना से बाहर क्यों किया गया? सरकार इसका जवाब दे और पूरा हिसाब जनता के सामने रखे।

दूसरा सवाल उन्होंने नए पंजीयन को लेकर उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में जो महिलाएं 21 वर्ष की हुई हैं, जिनकी शादी हुई है या जो पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं, उनके लिए नए पंजीयन कब शुरू किए जाएंगे?

पूर्व विधायक ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल प्रचार और फोटो खिंचवाने का माध्यम नहीं बननी चाहिए। हर पात्र महिला को लाभ मिले, नए पंजीयन तत्काल शुरू हों और जिन महिलाओं का भुगतान रोका गया है, उन्हें इसका स्पष्ट कारण बताया जाए।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों को प्रचार नहीं, अपना अधिकार चाहिए।