करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति का जीवंत प्रतीक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
November 5, 2026
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज फरसाबहार के ग्राम बनगांव में आयोजित आंचलिक करम पूजा महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
6 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस महोत्सव में मुख्यमंत्री मांदर की थाप पर नर्तक दलों के साथ थिरके। उन्होंने कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और प्रकृति के प्रति आस्था का जीवंत प्रतीक है।
बनगांव को मिली कई सौगातें
मुख्यमंत्री ने बनगांव में सामाजिक भवन के लिए 50 लाख रुपये, सीसी रोड के लिए 20 लाख रुपये, अखड़ा निर्माण और सहसपुर में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, बलिदान और संघर्ष से भरा है। बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर जैसे नायकों ने देश के लिए अमिट योगदान दिया है। युवा पीढ़ी आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे, यही हमारी विरासत को बचाए रखेगा।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन, 3100 रुपये में धान खरीदी, पीएम आवास और नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलताओं का भी उल्लेख किया।


