विरासत के संग स्वच्छता का संदेश: रायपुर नगर निगम ने आयोजित की ‘Walk with a Cause’ हेरिटेज वॉक

विरासत के संग स्वच्छता का संदेश: रायपुर नगर निगम ने आयोजित की ‘Walk with a Cause’ हेरिटेज वॉक

November 4, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। रायपुर नगर निगम द्वारा शहर की ऐतिहासिक विरासत और स्वच्छता के संदेश के साथ ‘Walk with a Cause’ हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस पहल में विरासत संरक्षण और स्वच्छ शहर के संकल्प को एक साथ जोड़ा गया।

हेरिटेज वॉक का शुभारंभ नागरीदास मंदिर से हुआ, जो जैतूसाव मठ, जगन्नाथ मंदिर, हनुमान बावड़ी होते हुए टुरी हटरी तक गई। मार्गदर्शन सुश्री निष्ठा जोशी ने किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष श्री अमर गिड़वानी, आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जोन 4 अध्यक्ष श्री मुरली शर्मा, जोन 5 अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल, पार्षद श्री अजय साहू, अपर आयुक्त श्री लोकेश्वर साहू, अधीक्षण अभियंता श्री राजेश राठौर, अपर आयुक्त संस्कृति सुश्री रुचि शर्मा सहित अधिकारी और शासकीय सरस्वती कन्या शाला की छात्राएं मौजूद रहीं।

श्री अमर गिड़वानी ने कहा कि रायपुर की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। ऐसी हेरिटेज वॉक से युवाओं में अपने शहर के इतिहास के प्रति गौरव और संरक्षण की भावना जागृत होगी।

जीरो वेस्ट इवेंट बना मिसाल

निगम ने इसे जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं हुआ, वाटर कूलर और पेपर ग्लास से पानी पिलाया गया।

आयुक्त संबित मिश्रा ने छात्राओं को ‘नन्हे प्रेरक’ बताते हुए 4 प्रकार के डस्टबिन से कचरा पृथक्करण का आह्वान किया। इस दौरान ई-वेस्ट पर क्विज और स्लोगन प्रतियोगिता भी हुई, विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।