महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी सफलता, CBI और केंद्रीय एजेंसियों को धन्यवाद: मुख्यमंत्री साय

महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी सफलता, CBI और केंद्रीय एजेंसियों को धन्यवाद: मुख्यमंत्री साय

November 4, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 4 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी सफलता मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने CBI और केंद्रीय जांच एजेंसियों को धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्रवाई से महादेव सट्टा ऐप की वास्तविकता उजागर होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महादेव सट्टा ऐप ने छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के युवाओं को बर्बाद करने का काम किया था। पिछली सरकार के संरक्षण में यह अवैध साम्राज्य फलता-फूलता रहा। हमारी सरकार बनने के बाद से ही हमने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग से आज इस मामले के मुख्य अभियुक्त को विदेश से लाने में सफलता मिली है। यह केंद्र की भाजपा सरकार की नशा और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम है।

दूध का दूध पानी का पानी होगा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब CBI की पूछताछ में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस अवैध कारोबार से जुड़े कई बड़े नाम और सफेदपोश चेहरे बेनकाब होंगे। जांच में यह भी सामने आएगा कि किसके संरक्षण में यह सट्टा ऐप चल रहा था और इसके पैसे का उपयोग कहां-कहां हुआ।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस मामले में केंद्रीय एजेंसियों को पूरा सहयोग करेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो।

भाजपा सरकार का संकल्प – अपराध मुक्त छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि भाजपा सरकार का संकल्प छत्तीसगढ़ को अपराध, भ्रष्टाचार और नशा मुक्त बनाना है। महादेव ऐप पर कार्रवाई इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। युवाओं को नशे और सट्टे के जाल से बचाना हमारी प्राथमिकता है।